ICC WC 2023 SL vs BAN Match Highlights: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में सेमीफाइनल में पहुंचने की जबरदस्त जंग छिड़ी हुई है। इसी बीच सोमवार को वर्ल्ड कप में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच खेला गया। इस मैच में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर दूसरी जीत हासिल की। तो वहीं हार के बाद श्रीलंका का वर्ल्ड कप सफर खत्म हो गया है।
बांग्लादेश ने श्रीलंका को दी 3 विकेट से मात
दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच खेले गए इस मैच में श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑल आउट होने से पहले 49.3 ओवर में 279 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बांग्लादेश गिरते-पड़ते 41.1 ओवर में 7 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
असालंका के शतक के दम पर श्रीलंका ने खड़ा किया 279 रन का स्कोर
इस मैच में बांग्लादेश के कप्तान शाकीब अल हसन ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंका की टीम टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी। कुसल परेरा और पाथुम निसंका ने पारी की शुरुआत की, लेकिन कुसल परेरा केवल 4 रन बनाकर पहले ही ओवर में शोरिफुल का शिकार बने। 5 के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद कप्तान कुसल मेंडिस खेलने आए। कुसल मेंडिस और पाथुम निसंका ने दूसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी जरूर की, लेकिन इसमें कप्तान मेंडिस लय में नहीं दिखे। आखिरकार टीम को 66 रन के स्कोर पर शाकीब ने 12वें ओवर में मेंड़िस को चलता किया। कप्तान 19 रन बनाकर आउट हो गए।
कुछ ही देर बाद अच्छी लय में दिख रहे निसंका भी 41 रन बनाकर तंजीम का शिकार बने। 72 रन पर तीसरा विकेट खोने के बाद श्रीलंका की टीम दबाव में आ गई। इसके बाद चरिथ असालंका और सदीरा समराविक्रमा ने बढ़िया साझेदारी की। दोनों ने टीम को 130 रन के पार पहुंचाया। लेकिन यहां फॉर्म में चल रहे सदीरा 41 रन बनाकर शाकीब का शिकार बने। 135 रन पर चौथा विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका का 135 रन पर ही 5वां झटका टाइम आउट के रूप में लगा जहां एंजेलो मैथ्यूज को देरी से खेलने के लिए तैयार होने की वजह से बिना गेंद खेले आउट करार दे दिया। मैच में जबरदस्त बवाल मच गया। लेकिन नियम के हिसाब से उन्हें बाहर जाना पड़ा। इसके बाद असालंका और धनंजय डी सिल्वा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 78 रनों की साझेदारी की। श्रीलंका को 213 रन के स्कोर पर धनंजय डी सिल्वा का विकेट खोना पड़ा जो 38वें ओवर में मेहदी हसन की गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद असालंका ने लगातार शॉट्स खेले तो महीश तीक्षणा ने उन्हें अच्छा साथ दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया। टीम को 258 रन पर 8वां झटका लगा। तीक्षणा ने उपयोगी 22 रन बनाए। इसी बीच असालंका ने 101 गेंद में शतक पूरा किया। लेकिन शतक बनाने के बाद वो 105 गेंद में 6 चौके और 5 छक्के लगाकर चलते बने। आखिर में श्रीलंका की टीम 49.3 ओवर में 279 के स्कोर पर ढेर हो गई। बांग्लादेश के लिए तंजीम ने 3 और शाकीब व शोरिफुल ने 2-2 विकेट झटके।
बांग्लादेश ने 7 विकेट खोकर लक्ष्य किया हासिल
श्रीलंका के 280 रनों के टारगेट के जवाब में बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी। बांग्लादेश के लिए तंजीद तमीम और लिटन दास पारी की शुरुआत करने उतरे। तमीम ने 2 चौके लगाकर अपने इरादें जाहिर किए, लेकिन वो तीसरे ही ओवर में दिलशान मधुशंका ने चलता किया। 17 रन के स्कोर पर पहला विकेट गिरने के बाद नजमुल हुसैन शांतो खेलने पहुंचे। लिटन दास इसके बाद काफी आकर्षक बल्लेबाजी करने लगे, जिन्होंने 2 छक्के और 2 चौके उड़ा दिए, लेकिन 22 गेंद में 23 रन बनाकर लिटन दास को भी मधुशंका ने अपना शिकार बना लिया। बांग्लादेश को 7वें ओवर में 41 रन पर दूसरा विकेट खोना पड़ा। इसके बाद नजमुल शांतो और शाकीब अल हसन दो नए बल्लेबाज क्रीज पर आए। श्रीलंका अच्छी शुरुआत को जारी रखने की सोच रहा था, लेकिन शांतो और शाकीब की जोड़ी ने उनके इरादें पर पानी फेर दिया। इन दोनों ही बल्लेबाजों जबरदस्त बल्लेबाजी की।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले तो टीम को 100 के पार पहुंचाया। इसके बाद भी लगातार रन बनाते रहे। शांतो और शाकीब ने खराब गेंदों को बाउन्ड्री तक पहुंचानें में कोई मौका नहीं गंवाया। इसी बीच नजमुल ने 58 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। और दोनों ने 100 रनों की साझेदारी कर डाली। इसके कुछ देर बाद कप्तान शाकीब ने भी 47 गेंद में पचासा ठोक दिया। इसके बाद तो शाकीब तेजी से रन बनाने लगे और धीरे-धीरे मैच श्रीलंका के हाथों से निकलता गया। शांतो-शाकीब की जोड़ी ने 138 गेंद में 150 रन की साझेदारी कर डाली। बांग्लादेश का स्कोर भी 200 के पार पहुंचा दिया। शाकीब ने तेवर बड़े खतरनाक लगने लगे। टीम के 210 रन के स्कोर पर एंजेलो मैथ्यूज ने खतरा पैदा कर रहे शाकीब अल हसन को असालंका के हाथों कैच करवाकर चलता किया। शाकीब ने केवल 65 गेंद में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 82 रन बनाए।
उनके आउट होने के बाद महमुदुल्लाह खेलने आए। इसके तुरंत बाद ही शतक की तरफ बढ़ रहे नजमुल हुसैन शातों को भी मैथ्यूज ने 90 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। शांतो ने 101 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके लगाए। इसके बाद महमुदुल्लाह और मुश्फीकुर रहीम ने अपनी टीम के स्कोर को 249 रन तक पहुंचाया, तभी मधुशंका फिर से गेंद लेकर आए और रहीम को 10 के निजी स्कोर पर चलता किया। 5वां विकेट गिरने के बाद तौहिद ह्दोय खेलने आए। टीम के 255 के स्कोर पर महीश तीक्षणा ने महमुदुल्लाह को आउट कर मैच कुछ रोमांच पैदा किया। बांग्लादेश को 269 रन पर 7वां झटका लगा, जब मेहदी हसन को तीक्षणा ने चलता किया। लेकिन 41.1 ओवर में बांग्लादेश ने 7 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसके साथ ही श्रीलंका भी वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है।