ICC WC 2023 IND vs SL Match Highlights: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में विनिंग ट्रैक पर सरपट भाग रही टीम इंडिया ने गुरुवार को धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 302 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने यहां लगातार 7वीं जीत हासिल कर आधिकारिक रूप से सेमीफाइनल में भी प्रवेश कर लिया है।
भारत ने श्रीलंका को 302 रनों से खदेड़ा
मुंबई के वानखेड़े स्टेड़ियम में खेले गए इस मैच में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए गिल, विराट और अय्यर की बेहतरीन पारियों के दम पर 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में श्रीलंकाई पारी पर टीम इंडिया की पेस बैटरी का जबरदस्त कहर दिखा, जिन्होंने 19.4 ओवर में श्रीलंका को 55 के स्कोर पर समेट दिया।
भारत ने खड़ा किया 357 रन का विशाल स्कोर
यहां पर श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने टॉस जीता और पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पारी की शुरुआत की। प्रचंड फॉर्म में दिख रहे कप्तान रोहित शर्मा को दिलशान मधुशंका ने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर 4 के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। पहला विकेट सस्ते में गिरने के बाद विराट कोहली बैटिंग करने आए। कोहली और शुभमन गिल ने पारी को आगे बढ़ाया और बेहतरीन अंदाज में साझेदारी की। दोनों ही बल्लेबाजों ने 98 गेंद में 100 रन जोड़ डाले। श्रीलंका के गेंदबाज विकेट को तरसते दिखे। इसके बाद भी दोनों बल्लेबाज की साझेदारी कायम रही और श्रीलंका के लिए खतरनाक हो रही थी।
विराट और गिल दोनों अपने शतक के करीब जा पहुंचे थे। लेकिन तभी पारी के 30वें ओवर में 189 रनों की इस साझेदारी पर दिलशान मधुशंका ने ब्रेक लगाया और गिल को 92 रन (92 गेंद, 11 चौके, 2 छक्के) के स्कोर पर चलता कर उनके शतक बनाने के सपने को तोड़ दिया। गिल के 193 रन के टीम टोटल पर आउट होने के बाद विराट भी शतक से चूक गए और 88 रन (94 गेंद, 11 चौके) बनाकर मधुशंका की ही गेंद पर पैवेलियन लौट गए। भारत ने 196 रन पर अपना तीसरा विकेट खोया। इसके बाद केएल राहुल और श्रेयस अय्यर एक साथ क्रीज पर आए। अय्यर आते ही तूफानी फॉर्म में दिखे, जिन्होंने तेजी के साथ रन जुटाए। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। राहुल 21 रन बनाकर टीम के 256 रन के स्कोर पर आउट हुए। उनके बाद सूर्यकुमार यादव भी खास नहीं कर सके और 12 रन ही बना सके।
भारत का 5वां विकेट 276 रन के स्कोर पर गिरा। यहां से अय्यर ने जबरदस्त शॉट्स खेले और टीम के स्कोर को 330 के पार पहुंचा दिया। जडेजा के साथ अय्यर ने 57 रनों की साझेदारी की। 333 रन पर अय्यर को मधुशंका ने निपटा दिया। अय्यर ने 56 गेंद में 4 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 86 रन बनाए। आखिर में जडेजा ने 24 गेंद में 35 रन बनाकर टीम के स्कोर को 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 रन तक पहुंचा दिया। श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने 5 विकेट झटके।
भारत के तेज गेंदबाजों का लंकाई टीम पर कहर, 55 रन पर निपटाया
भारत के द्वारा दिए गए 358 रन के टारगेट के जवाब में श्रीलंका की टीम खेलने उतरी। श्रीलंका की शुरुआत एक बुरे सपने जैसी रही, जहां एशिया कप 2023 के फाइनल की यादें ताजा हो गई। यहां लंका को पहली ही गेंद पर पाथुम निसंका का विकेट खोना पड़ा, जिन्हें बुमराह ने आउट कर दिया। इसमें मोहम्मद सिराज श्रीलंका पर कहर बनकर टूट पड़े। एक के बाद एक सिराज ने करुणारत्ने, कुसल मेंडिस और सदीरा को चलता कर केवल 3 रन के स्कोर पर ही 4 विकेट झटक लिए। श्रीलंका के टॉप-4 बल्लेबाज 3 के स्कोर पर पैवेलियन लौट गए। सिराज और बुमराह होश उड़ा देने वाली गेंदबाजी कर रहे थे। श्रीलंका के बल्लेबाजों के लिए यहां रन बनाना तो ठीक, गेंद खेलना तक मुश्किल हो गया था।
अभी एंजेलो मैथ्यूज और चरिथ असालंका ने जैसे-तैसे स्कोर को 10 के पार किया और 10वें ओवर में मोहम्मद शमी ने आकर श्रीलंका को डबल झटका दिया, जिन्होंने लगातार 2 गेंद में असालंका और दुशन हेमंथा को निपटा दिया और 14 के स्कोर पर 6 विकेट झटक लिए। मैथ्यूज डटे हुए थे। अभी रनों में कुछ ही इजाफा हुआ था कि शमी ने 22 के स्कोर पर चमीरा को भी चलता किया और 29 रन पर मैथ्यूज को आउट कर श्रीलंका को बड़ी हार की तरफ धकेल दिया। टीम इंडिया की पेस बैटरी कहर बरपा रही थी। जिन्होंने लंका की पारी को पूरी तरह से झकझोर दिया। 29 रन पर 8वां विकेट गिरने के बाद कसुन रजिथा और महीश तीक्षणा ने 20 रन की साझेदारी कर अपनी टीम के स्कोर को 50 के करीब पहुंचा दिया।
लेकिन यहां फिर से शमी ने रजिथा को आउट कर श्रीलंका को 9वां झटका दिया। श्रीलंका की पारी 50 के पार तो पहुंच गई। लेकिन 19.4 ओवर में ताबूत पर आखिरी किल रवीन्द्र जडेजा ने ठोकी और लंका की पारी को 55 रन पर ढेर कर दिया। कसून रजिथा ने सबसे ज्यादा 14 रनों का योगदान दिया, तो वहीं महीश तीक्षणा 12 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने एक और पंजा खोलते हुए 5 विकेट झटके, तो वहीं सिराज के खाते में 3 सफलता गई। भारत ने इस मैच को 302 रनों के भारी अंतर से जीत लिया और वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।