ICC WC 2023 ENG vs SA Match Highlights: दक्षिण अफ्रीका की जबरदस्त वापसी, इंग्लैंड को 229 रनों से थमाई शर्मनाक हार, क्लासेन का तूफानी शतक

ICC WC 2023 ENG vs SA Match Highlights: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के 13वें एडिशन में शनिवार को दो मैच खेले गए। जिसमें दूसरा मैच इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। मुंबई में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच में नीदरलैंड से मिली हार के बाद धमाकेदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 229 रनों की भारी हार थमा दी। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने अपनी स्थिति में गजब का सुधार किया है।

दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को दी 229 रनों से शर्मनाक हार

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड कप का पहला मैच खेला गया। जहां दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 399 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में इंग्लैंड की बल्लेबाजी काफी लचर रही और पूरी टीम 22 ओवर में 170 रन बनाकर ढेर हो गई और दक्षिण अफ्रीका ने मैच को 229 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया।

ये भी पढ़े- ICC WC 2023 SL vs NED Match Highlights: श्रीलंका ने खोला जीत का खाता, नीदरलैंड को 5 विकेट से हराकर हासिल की पहली जीत

क्लासेन के तूफानी शतक से दक्षिण अफ्रीका ने खड़ा किया 399 रन का स्कोर

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर इस मैच में पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम बैटिंग के लिए उतरी। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डी कॉक और रीजा हैंड्रिक्स ने पारी की शुरुआत की। फॉर्म में चल रहे डी कॉक ने आते ही पहली ही गेंद पर चौका जड़ा और जबरदस्त इरादें दिखाएं लेकिन रीस टॉपली ने दूसरी ही गेंद पर डी कॉक को बटलर के हाथों कैच करवाकर पहली सफलता दिलायी। इसके बाद रूसी वानडेर डुसेन खेलने आए। डुसेन और हैंड्रिक्स ने पारी को संभाला और शानदार साझेदारी की। दोनों ही बल्लेबाजों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। दूसरे विकेट के लिए 116 गेंद में 121 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 125 रन पर पहुंचाया। तभी आदिल रशीद ने 20वें ओवर में वानडेर डुसेन को 60 के निजी स्कोर पर पैवेलियन की राह दिखायी।

इसके बाद एक्टिंग कैप्टन एडेन मार्करम खेलने आए। रीजा हैंड्रिक्स इसके बाद काफी तेजी से खेले और शतक की तरफ बढ़ रहे थे, तभी आदिल रशीद ने उनकी पारी पर ब्रेक लगाया और 164 रन के स्कोर पर चलता किया। हैंड्रिक्स ने कमाल की 75 गेंद में 85 रन(9 चौके, 3 छक्के) की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन खेलने आए। एक बार फिर से दक्षिण अफ्रीका की पारी को मार्करम और क्लासेन ने संभाला। दोनों ने स्कोर को 233 रन तक पहुंचा दिया। तभी चोटिल होकर मैदान से बाहर हो चुके रीज टॉपली वापस आए और पहले ही ओवर में उन्होंने मार्करम को 42 के स्कोर पर चलता किया। दक्षिण अफ्रीका ने चौथा विकेट खोया तो कुछ ही देर के बाद टॉपली ने मिलर को भी पैवेलियन की राह दिखायी और अफ्रीका ने 243 रन पर अपनी आधी टीम खो दी। इसके बाद मार्को यानसेन बैटिंग के लिए उतरे।

क्लासेन ने यानसेन के साथ मिलकर इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी। क्लासेन ने केवल 61 गेंद में अपना शतक ठोक दिया। वहीं दूसरी तरफ यानसेन भी धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते रहे। छठे विकेट के लिए इस जोड़ी ने 77 गेंद में 151 रन की साझेदारी कर मैच का रूख पलट कर रख दिया। आखिरी ओवर में 394 के स्कोर पर क्लासेन एटकिंसन की गेंद पर आउट हुए जिन्होंने केवल 67 गेंद में 109 रन(12 चौके, 4 छक्के) बनाए। वहीं मार्को यानसेन ने 42 गेंद में 75 रन ( 3 चौके, 6 छक्के) बनाए। इसकी मदद ने दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट पर 399 रन का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के लिए रीस टॉपली ने 3 विकेट झटके। तो वहीं रशीद और एकटिंसन के खाते में 2-2 सफलताएं आयी।

इंग्लैंड की टीम केवल 170 ढेर, बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन

इंग्लैंड की टीम एवरेस्ट जैसे 400 रनों के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बल्लेबाजी करने उतरी। इंग्लैंड की बल्लेबाजी की शैली को देखते हुए कुछ भी नहीं कहा जा सकता था। लेकिन यहां इंग्लिश बल्लेबाजों की अकड़ निकल गई। जहां बहुत ही खराब शुरुआत रही। टीम को तीसरे ही ओवर में 18 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा, जब जॉनी बेयरेस्टो 10 रन बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार बने। इसके बाद तो देखते ही देखते इंग्लैंड की पारी पूरी तरह से बिखर गई और 38 रन तक टॉप-4 बल्लेबाजों को खो दिया। जिसमें डेविड मलान 6 रन, जो रूट 2 रन और बेन स्टोक्स 5 रन ही बना सके।

यहां से कप्तान जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने अभी स्कोर को 67 रन तक ही पहुंचाया था कि जोस बटलर 15 रन बनाकर कोर्ट्जी का शिकार बने। इसके बाद तो 68 रन पर ही हैरी ब्रूक भी 17 रन बनाकर चलते बने और इंग्लैंड के लिए ये मैच महज औपचारिक ही रह गया। आदिल रशीन ने 10 रन बनाए और वो भी टीम के 84 के स्कोर पर आउट हो गए। इंग्लैंड ने 7 विकेट खो दिए। कुछ ही देर के बाद 100 के स्कोर पर 8वां विकेट भी डेविड विली के रूप में गिरा, जिन्हें 12 रन के योग पर एनगिडी ने चलता किया।

इसके बाद मार्क वुड और गस एटकिंसन ने अपनी टीम के दिग्गज बल्लेबाजों को बताया कि बल्लेबाजी कैसे की जाती है, जिन्होंने केवल 27 गेंद में पचास रन की पार्टनरशिप कर डाली। वुड और एटकिंसन काफी खतरनाक खेल रहे थे। दोनों बल्लेबाजों ने 33 गेंद में 70 रन की साझेदारी कर वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी हार का खतरा तो खत्म किया, लेकिन टीम को 22वें ओवर की अंतिम गेंद में 9वां झटका लगा, जहां गस एटकिंसन 21 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। 170 रन पर नवां विकेट गिरने के बाद रीस टॉपली बैटिंग के लिए नहीं आए, वहीं मार्क वुड केवल 17 गेंद में 43 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड को 229 रनों की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कॉर्ट्जी ने 3 और एनगिडी, यानसेन को 2-2 विकेट मिले।