ICC WC 2023 AUS vs NZ Match Highlights: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में रनों का तूफान जारी है, जहां शनिवार को धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले मैच में रनों का सैलाब दिखा, जहां नेट बाइटल फाइटिंग में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 5 रन से हराकर जीत हासिल की। इस मैच में दोनों ही टीमों ने कुल 771 रन बनाए।
सांसे रोक देने वाले मैच में ऑस्ट्रेलिया की 5 रन से जीत
धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच मैच खेला गया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 388 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने जबरदस्त जज्बा दिखाया और आखिरी गेंद तक लड़े लेकिन अंत में 50 ओवर में 9 विकेट पर 383 रन बनाए और मैच को केवल 5 रन से हारे।
ऑस्ट्रेलिया ने खड़ा कर दिया 388 रन का स्कोर
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने यहां पर टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में वापसी करने वाले ट्रेविस हेड ने डेविड वॉर्मर के साथ पारी की शुरुआत की। इन दोनों बल्लेबाजों ने आते ही खतरनाक अंदाज में शुरुआत की। केवल 4.1 ओवर में ही 50 रन जोड़ दिए। दोनों ही बल्लेबाज तूफानी अंदाज में खेल रहे थे। इसी बीच 55 गेंद में ही 100 रन बना डाले, जिसमें ट्रेविस हेड ने 25 गेंद में फिफ्टी पूरी की। तो वहीं डेविड वॉर्नर ने 28 गेंद में फिफ्टी बना डाली। दोनों बल्लेबाजों ने 15वें ओवर में 150 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी।
पारी के 20वें ओवर में न्यूजीलैंड के पहली सफलता मिली, जब ग्लेन फिलिप्स ने डेविड वॉर्नर को टीम के 175 रन के स्कोर पर चलता किया। वॉर्नर ने 81 रन(65 गेंद, 5 चौके, 6 छक्के) बनाकर आउट हुए। ट्रेविस हेड ने भी कुछ देर बाद अपना शतक पूरा करते ही फिलिप्स का ही शिकार बने। 200 रन पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। ट्रेविस हेड ने केवल 67 गेंद में 109 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 7 छक्के जड़े। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी धीमी हो गई। मिचेल मार्श और स्मिथ ने पारी को संभाला, लेकिन 228 रन के योग पर स्मिथ 18 रन बनातर फिलिप्स को ही विकेट दे बैठे।
ऑस्ट्रेलिया ने कुछ-कुछ अंतराल में विकेट खोए और 274 रन पर 5 विकेट खो दिए। मार्श (36 रन) को सेंटनर ने पैवेलियन भेजा तो वहीं लाबुशेन को 18 के योग पर सेंटनर ने ही आउट किया। इसके बाद ग्लेन मैक्सवेल का छोटा लेकिन धमाकेदार शो देखने को मिला, जिन्होंने तेजी के साथ केवल 24 गेंद में 41 रन बना डाले। 325 रन पर छठा विकेट गिरने के बाद पैट कमिंस और जोश इंग्लिस ने आखिरी कुछ ओवर्स में धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंद में 52 रन की साझेदारी कर स्कोर को 387 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन ट्रेंट बोल्ट ने आखिरी के बल्लेबाजों को निपटा दिया और ऑस्ट्रेलिया 49.2 ओवर में 388 रन पर ढेर हो गई। पैट कमिंस ने केवल 14 गेंद में 37 रन बनाए। वहीं जोश इंग्लिस ने 28 गेंद में 38 रन की पारी खेली। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 3 और ट्रेंट बोल्ट ने 3 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड ने किया जबरदस्त सामना 383 रन बनाकर केवल चूके 5 रन से
न्यूजीलैंड को 389 रनों का विशाल लक्ष्य मिला। इसके जवाब में वो खेलने उतरे और सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे व विल यंग ने ताबड़तोड़ अंदाज में पारी की शुरुआत की। दोनों ही बल्लेबाजों ने 7 ओवर में ही स्कोर को 60 के पार पहुंचा दिया। लेकिन पारी के 8वें ओवर में जोश हेजलवुड ने खतरनाक दिख रहे कॉनवे को स्टार्क के हाथों कैच कराकर पैवेलियन भेज दिया। कॉनवे ने 17 गेंद में 28 रन की तेज तर्रार पारी खेली। 61 रन पर पहला विकेट गंवानें के बाद 72 के स्कोर न्यूजीलैंड ने विल यंग को भी खो दिया। विल यंग ने 32 रन बनाए। 2 विकेट कुछ ही अंतराल में गिरने के बाद न्यूजीलैंड दबाव में आ गया। यहां से रचीन रवीन्द्र और डैरिल मिचेल ने शानदार साझेदारी करते हुए तीसरे विकेट के लिए तेज गति से 96 रन जोड़े।
पारी के 24वें ओवर में एडम जाम्पा ने डैरिल मिचेल को स्टार्क से कैच कराया। मिचेल ने 51 गेंद में 54 रन बनाए। 168 रन पर तीसरा विकेट गंवानें के बाद न्यूजीलैंड के लिए रन बनाने का जिम्मा रचिन रवीन्द्र ने खुद के कंधों पर लिया। रचिने ने इसके बाद तूफानी अंदाज दिखाया। इसी बीच कप्तान टॉम लाथम को एडम जाम्पा ने 21 रन के निजी स्कोर पर निपटा दिया। 222 रन पर चौथा विकेट गिरा। लेकिन 49 गेंद में फिफ्टी पूरी करने वाले रचिन ने इसके बाद खतरनाक बल्लेबाजी कर केवल 77 गेंद में शतक ठोक दिया। फिलिप्स के साथ बढ़ रही साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया से मैच फिसलता जा रहा था, तभी 37वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स को ग्लेन मैक्सवेल ने 265 रन के स्कोर पर चलता कर बड़ी सफलता दिलायी। फिलिप्स ने 12 रन बनाए।
उनके आउट होने के बाद जिमी नीशेम बैटिंग के लिए आए। इसके कुछ देर बाद रचिन रवीन्द्र को पैट कमिंस ने चलता किया, जिन्होंने 89 गेंद में 116 रन(9 चौके, 5 छक्के) बनाए। लेकिन जिमी नीशेम ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। इसी बीच टीम को मिचेल सेंटनर के रूप में झटका लगा और 320 रन पर वो चलते बने। नीशेम ने न्यूजीलैंड की उम्मीदों को जिंदा रखा और लगातार शॉट्स खेलते रहे। उन्होंने मैट हेनरी के साथ कुछ पार्टनरशिप की तो उनके आउट होने के बाद बोल्ट के साथ साझेदारी की। आखिरी ओवर में न्यूजीलैंड को 19 रनों की जरूर थी। इसमें भी न्यूजीलैंड ने पूरा दम लगाया, लेकिन आखिर में वो 50 ओवरों में 9 विकेट पर 383 रन बना सके और मैच को 5 रन से गंवा बैठे। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जाम्पा ने 3 सफलताएं हासिल की। जेम्स नीशेम ने 39 गेंद में 58 रन की पारी खेली।